सलीम मंसूरी की रिपोर्ट
जमानियां। 91 यूपी बटालियन एनसीसी मुगलसराय द्वारा स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल, बनपुरवा रमना वाराणसी में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन शनिवार को पूरे कैंप परिसर में अनुशासन, ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से पहुंचे 550 कैडेटों के बीच कैंप कमांडेंट कर्नल अमर सिंह (सेना मेडल) ने युवाओं को संबोधित करते हुए एनसीसी की सार्थकता, सैन्य प्रशिक्षण और व्यक्तित्व निर्माण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त मंच बनकर उभरा है। एनसीसी न केवल युवाओं में देशभक्ति और अनुशासन की भावना विकसित करता है, बल्कि उन्हें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने की दक्षता भी प्रदान करता है। कर्नल अमर सिंह ने कहा कि शिविर का वास्तविक उद्देश्य कैडेटों को कठिन परिस्थितियों में स्वयं को ढालने के लिए तैयार करना है। मौसम, संसाधनों और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को अनुकूल बनाना ही कैंप जीवन की सबसे बड़ी सीख है। उन्होंने कहा कि यदि कोई कैडेट एनसीसी प्रशिक्षण को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आत्मसात कर लेता है तो उसका भविष्य सेना सहित अन्य सेवाओं में भी उज्ज्वल हो सकता है। उन्होंने कैडेटों को बताया कि शिविर के दौरान फायरिंग, ड्रिल, योग, मैप रीडिंग, कैंप ले-आउट एवं फील्ड क्राफ्ट जैसी महत्वपूर्ण सैन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद प्रतियोगिता, खेलकूद, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, फायरिंग प्रतियोगिता एवं बेस्ट कैडेट चयन जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी, जिससे कैडेटों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर एओ कर्नल सुखबीर पूनिया ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं को केवल सैन्य अनुशासन ही नहीं सिखाता, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कैडेटों से प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने और प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। शिविर में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग 550 कैडेट प्रतिभाग कर रहे हैं। यह प्रशिक्षण शिविर 15 मई से 24 मई तक संचालित होगा। कार्यक्रम के दौरान कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, कैप्टन सत्यमूर्ति ओझा, कैप्टन कामेश सिंह, चीफ ऑफिसर अशोक त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट हवलदार यादव, सेकेंड ऑफिसर सचिन सिंह यादव, सूबेदार मेजर तेज बदर थापा, ट्रेनिंग जेसीओ भूपेंद्र सिंह, बीएचएम भरत, मिलन थापा, सूबेदार चंद्रशेखर, परमजीत सिंह, संजय कुशवाहा, रितेश, ओम गुरुंग सहित बटालियन के समस्त पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ उपस्थित रहे।