साक्षी सिंह की रिपोर्ट
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी। कनिष्ठ लिपिक की प्रस्तावित परीक्षा को स्थगित किए जाने के संबंधमें।*श्वविद्यालय में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी एवं संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण के संदर्भ में पूर्व में कई बार पत्राचार किया जा चुका है। इस पर आपके द्वारा संज्ञान लेते हुए अधिसूचना संख्या AB/CW/Regularization/6774 दिनांक 14/16.03.2026 के माध्यम से विश्वविद्यालय के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के नियमितीकरण हेतु एक समिति का गठन किया गया है। इस सराहनीय पहल के लिए प्रार्थी आपके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता है।
विदित हो कि विश्वविद्यालय द्वारा विज्ञापन संख्या 07/2024-2025 के अंतर्गत तृतीय श्रेणी के कनिष्ठ लिपिक के कुल 199 पदों (पोस्ट कोड-50003) पर भर्ती निकाली गई है। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर दिनांक 07.04.2026 को प्रकाशित सूचना के अनुसार, इस भर्ती की लिखित परीक्षा अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है।
महोदय, इस संदर्भ में विनम्रतापूर्वक निवेदन है कि प्रार्थी लंबे समय से विश्वविद्यालय में अपनी सेवाएं दे रहा है और अब वह छात्र जीवन की प्रतियोगी परीक्षाओं से काफी समय पूर्व बाहर आ चुका है। वर्षों से वह अपने कार्यालयीय दायित्वों के साथ-साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कर रहा है। ऐसे में वर्तमान में नियमित रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ प्रतिस्पर्धा करना प्रार्थी जैसे कर्मचारियों के लिए अत्यंत कठिन हो जाता है।
अतः आपसे करबद्ध प्रार्थना है कि प्रार्थी एवं अन्य समान परिस्थितियों में कार्यरत कर्मचारियों के दीर्घकालीन योगदान, अनुभव एवं निष्ठा को ध्यान में रखते हुए नियमितीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता प्रदान की जाए। साथ ही, प्रस्तावित कनिष्ठ लिपिक परीक्षा को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की कृपा की जाए, जिससे प्रार्थी के हितों की समुचित रक्षा हो सके।
प्रार्थी को पूर्ण विश्वास है कि आप इस विषय की गंभीरता को समझते हुए न्यायोचित एवं संवेदनशील निर्णय लेंगे। इसके लिए प्रार्थी एवं उसका परिवार सदैव आपका आभारी रहेगा।