Follow us on

कारगिल विजय दिवस पर हिंदू युवा वाहिनी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प

Share this post:

पूजा भारद्वाज की रिपोर्ट वाराणसी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी द्वारा वाराणसी के एक सभागार में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद पुरी जी महाराज के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लिया तथा राष्ट्रहित, समाजसेवा और संगठन की मजबूती के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को नमन किया। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई और उनसे संगठन की मर्यादा, अनुशासन तथा सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष सूर्य राय ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू युवा वाहिनी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और जनसेवा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रहित के प्रति जागरूक करना, समाज में भाईचारा और सद्भाव को बढ़ावा देना तथा सेवा कार्यों के माध्यम से लोगों के बीच सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा गांव-गांव और मोहल्लों तक इसकी विचारधारा को पहुंचाया जाएगा।

सूर्य राय ने कहा कि उन्हें संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अनुशासन, सेवा और संगठन की भावना को सर्वोपरि रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचें तथा जरूरतमंदों की हर संभव सहायता करें।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के वीर सैनिकों के बलिदान से ही भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। उनके साहस और पराक्रम से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प दोहराया।

लेखक के बारे में

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x