वशिष्ठ कुमार की रिपोर्ट
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को साइकिल यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नारी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, संक्रामक बीमारियों से बचाव आदि के बारे में लोगों को जागरूक करना है। साइकिल यात्रा को कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक एवं साइकिल यात्रा के संयोजक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम ने बताया कि यात्रा के दौरान छात्राओं ने ‘सशक्त नारी सशक्त राष्ट्र’, ‘वृक्ष लगाओ जीवन बचाओ’, ‘जल ही जीवन है’ के नारे लगाए तथा दफ़्ती पर लिखें अनेक स्लोगन से लोगों को जागरूक किया। यह साइकिल यात्रा पंत प्रशासनिक स्थित महात्मा गांधी के प्रतिमा से प्रारंभ होकर गेट नंबर- 03, मलदहिया चौराहा, फातमान रोड होते हुए सिगरा चौराहा होकर भारत माता मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, डॉ. शैलेश कुमार, डॉ. बालरूप यादव, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. वीणा वादिनी, डॉ. मनोज सिंह, डॉ. सतीश कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।