सलीम मंसूरी की रिपोर्ट
जमानियां। तहसील क्षेत्र के ग्राम असाव में सनातन सेवा समिति, वाराणसी के तत्वावधान में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं धार्मिक अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन क्षेत्र में विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु का तांता लगा रहा। कलश यात्रा का नेतृत्व प्रख्यात संत हरिशानन्द महाराज ने किया। पीले वस्त्रों में सजीं सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर गांव के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। भक्ति गीतों, भजनों और जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस मुख्य कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर स्थानीय ग्राम प्रधान ने कहा कि ग्राम असाव के लिए यह आयोजन अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आगामी सात दिनों तक चलने वाली इस अमृतमयी कथा का श्रवण कर धर्म लाभ उठाने की अपील की। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य समाज में सनातन संस्कृति, धर्म और उत्तम संस्कारों के प्रति जन-जागरूकता पैदा करना है। कथा में प्रतिदिन दूर-दराज से विद्वान और श्रद्धालु पहुंचें। कार्यक्रम को सफल बनाने में सनातन सेवा समिति के सदस्यों सहित समस्त ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा। महिला श्रद्धालुगणों पूरी तरह भक्तिमय में डूबी रही।