वाराणसी। शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर निगम वाराणसी ने आमजन को डस राहत पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर अलाव जलाने का अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर नगर क्षेत्र के कुल 276 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है।नगर निगम की ओर से यह व्यवस्था शहर के प्रमुख चौराहों, बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों, शेल्टर होमों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर की गई है, जहां जरूरतमंद, निराश्रित और राहगीरों की आवाजाही अधिक रहती है। ठंड के मौसम में सड़कों पर रहने वाले लोगों को राहत पहुंचाने के लिए अलाव जलाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अलाव की व्यवस्था पर नियमित निगरानी रखी जाए और ठंड की तीव्रता बढ़ने पर आवश्यकतानुसार अलाव की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को ठंड के कारण परेशानी न हो, यह नगर निगम की प्राथमिकता है।नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शीतकाल के दौरान यह जनहितकारी अभियान निरंतर जारी रहेगा और ठंड से बचाव के लिए समय-समय पर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।