संजना वर्मा की रिपोर्ट वाराणसी। मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित बरेका परिसर के आवास संख्या 597/सी में शुक्रवार सुबह एक रेल कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पीटर बसंत होरो (38 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे पड़ोसियों ने आवास का मुख्य गेट खुला देखा। कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर एक पड़ोसी घर के भीतर गया, जहां पीटर बसंत होरो कमरे में जमीन पर औंधे मुंह पड़े मिले। कमरे में खून भी बिखरा हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मंडुआडीह पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की गहन जांच कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


पड़ोसियों के अनुसार मृतक आवास में अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी झारखंड में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।













