राजेश कुमार की रिपोर्ट वाराणसी। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी सिद्धार्थ केसरी के नेतृत्व में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छितूपुर स्थित लालजी प्रसाद एजुकेशनल ट्रस्ट (LPET) विद्यालय, युगधाम नगर कॉलोनी, बीएचयू, वाराणसी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 250 बच्चों को लंच बॉक्स, पानी की बोतल, स्टेशनरी किट तथा अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे हुआ। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना था। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राहुल गांधी हमेशा शिक्षा, सामाजिक न्याय और युवाओं के सशक्तिकरण की बात करते हैं। उनके जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाना समाज के प्रति सकारात्मक संदेश देने का कार्य है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व है और ऐसे कार्यक्रम समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।


आयोजन का नेतृत्व कर रहे सिद्धार्थ केसरी ने कहा कि राहुल गांधी के जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में नहीं बल्कि जनसेवा के अवसर के रूप में मनाया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के बच्चों तक शिक्षा संबंधी सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया। सभी ने राहुल गांधी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए शिक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।













