वाराणसी दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्टl, 1 सितंबर 2026। गंगा और वरुणा नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का नाव के माध्यम से निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने नमो घाट से एनडीआरएफ की नाव द्वारा आदि केशव घाट से सलारपुर, सरैया, कोनिया, पुल कोहना, ढेलवरिया और सराय मोहना सहित विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलस्तर, जलभराव और प्रभावित आबादी की स्थिति की जानकारी ली। स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में पूछा तथा आश्वस्त किया कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने, लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। पुलिस एवं एनडीआरएफ टीमों को भी सतर्क रहने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इसके बाद दोनों अधिकारियों ने सलारपुर स्थित बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन, पेयजल, बिजली, शौचालय, सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान देने तथा सुरक्षा के लिए राहत शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए।