विजय प्रजापति एडिटर की रिपोर्ट
वाराणसी। आदमपुर क्षेत्र के भदऊं चुंगी (गंगानगर) स्थित मीठी कुइयां मस्जिद में 12 दिन तक चलने वाली तरावीह की नमाज मुकम्मल हुआ। इस अवसर पर नमाजियों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ की। मस्जिद में तरावीह की नमाज हाफिज नसीम अहमद बशीरी की सरपरस्ती में अदा की गई। हाफिज शहीद फजल ने अलहम की सूरत से तरावीह की शुरुआत की और पाव पारा में सूरत नास पढ़कर 12वें दिन तरावीह मुकम्मल की। इसके बाद मिलाद शरीफ पढ़ा गया और अल्लाह की बारगाह में हिंदुस्तान में अमन-चैन कायम रहने, बुजुर्गों की बीमारियों में शिफा मिलने और नौजवानों को नेक राह पर चलने की तौफीक मिलने की दुआ मांगी गई। तरावीह पूरी होने के बाद नमाजियों ने हाफिज और उस्ताद से मुलाकात कर मुशाफा किया। इस दौरान मस्जिद के मुतवल्ली हाफिज मोहम्मद अजीजुद्दीन ने सभी नमाजियों को इत्र भेंट किया। वहीं मस्जिद कमेटी के सदस्यों ने उस्ताद और हाफिज का कपड़ा, साफा, मिठाई तथा गुलाब और बेला की माला पहनाकर स्वागत किया। अंत में नमाजियों के बीच तबर्रुक के रूप में मोतीचूर के लड्डू वितरित किए गए। इस मौके पर मस्जिद कमेटी के सदस्य रियाज लारी, मोहम्मद राशिद, मोहम्मद सफीर, मोहम्मद ओवैस, बाबू भाई और बबलू अहमद और पत्रकार दिलशाद अहमद समेत बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद रहे।