मौत पर मलहम लगा रहे अधिकारी नेता 

गुफरान अहमद की रिपोर्ट

मीरजापुर। ड्रमंडगंज घाटी में 22 अप्रैल को हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस मौके पर नगर विधायक पं रत्नाकर मिश्र, रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज एवं एसडीएम सदर गुलाब चंद्र ने पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता राशि के चेक वितरित किए।

हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई थी, जिन्हें दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।  यह दुर्घटना उस समय हुई थी जब परिवार मुंडन संस्कार के बाद मैहर से लौट रहा था। अब परिवार में केवल दो भाई, मां और एक बेटी ही शेष हैं।

इसके अलावा मध्य प्रदेश के सतना जनपद के त्योथर निवासी प्रियंका (बुआ) और उनके पुत्र कार्तिकेय की भी इस हादसे में मृत्यु हो गई थी। उनके वारिसों के खाते में भी मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो-दो लाख रुपये की धनराशि ट्रांसफर की गई है।

मृत बोलेरो चालक रामपुर हंसवार निवासी विष्णु सिंह के परिजनों—पिता, माता चरन एवं दो भाइयों—को 66 हजार 600 रुपये का चेक प्रदान किया गया।

एसडीएम सदर ने बताया कि हादसे में प्रदीप सिंह की पत्नी, पुत्र और पुत्री की मृत्यु होने पर उन्हें कुल छह लाख रुपये की सहायता दी गई। वहीं उनके भाई अरुण सिंह की पत्नी और पुत्र की मौत पर चार लाख रुपये तथा पंकज सिंह की मृत्यु पर उनकी पत्नी सोनिका को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई।

प्रशासन ने मृतकों के नाबालिग बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष से 18 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह चार हजार रुपये की सहायता दिलाने के लिए आवश्यक फार्म शीघ्र भरवाने के निर्देश भी दिए हैं।

इस दौरान सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा, छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज, अपना दल के जिलाध्यक्ष रामलौटन बिंद सहित कई जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment