वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी — मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को विधिक साक्षरता एवं सेवा पखवाड़ा के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला विधि सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव प्रवीण कुमार ने कहा कि इस साक्षरता शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित कराना है। इस शिविर के माध्यम से गरीब, दिव्यांगजन महिलाएं, बच्चे एवं पिछड़े वर्ग के व्यक्तियों को नि:शुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, साथ ही पाक्सो अधिनियम, महिला अधिकार, घरेलू हिंसा, बाल विवाह तथा ट्रांसजेंडर अधिकारों के विषय में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा। इसके जरिए शिविरों में समाज कल्याण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, आदि विभागों द्वारा स्टाल लगाकर पात्र व्यक्तियों को आवास, स्वास्थ्य, छात्रवृत्ति, सहित विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा तथा शिविरों के माध्यम से आयुष्मान, टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।पैरा लीगल शांता प्रसाद विश्वकर्मा ने कहा कि विधिक साक्षरता शिविर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय और अधिकारों की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस बैठक में डा. निकुंज वर्मा, डा. नवीन सिंह सहित विभाग के अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।