वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी — संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रांगण में चल रहे 11 दिवसीय राष्ट्रीय सरस मेले का सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य की उपस्थिति में समापन कराया गया। इस सरस मेले में विभिन्न प्रदेशों एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए महिला समूहों द्वारा लगभग एक करोड़ का व्यापार किया गया। इस मेले में सजावटी सामग्री, विभिन्न खाद्य पदार्थ,पीतल की सामग्री,अचार मुरब्बा,लेदर के सामान, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कुर्ती,चादर, कालीन,जूट के उत्पाद,मूंज के उत्पाद आदि के विक्रय स्टाल लगाए गए थे। मेले में अंबा श्री नीलम वाराणसी, रीता देवी झारखंड, कविता देवी सहारनपुर एवं सीमा देवी हरदोई द्वारा अपनी सफलता की कहानी भी साझा की गई। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा वाराणसी की दो बीमा सखियों मीना देवी व प्रतिभा देवी, दो लखपति महिला दीदी शर्मिला देवी व लक्ष्मी वर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जनपद के 703 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि एवं 20 समूहों को रिवाल्विंग फण्ड मद में कुल 10 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपए का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही दो समूह की महिलाओं को ई- रिक्शा उपलब्ध कराते हुए उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मेले में सबसे अधिक बिक्री करने हेतु लखीमपुर खीरी के समूह को प्रथम पुरस्कार एवं मिर्जापुर जनपद के महिला समूह को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।उक्त दोनों स्टालों द्वारा लेदर एवं बांस के उत्पाद का बिक्री एवं प्रदर्शनी की गई। मेले में सबसे अधिक खूबसूरत स्टाल सजावट हेतु मालिक मरदान शाह समूह गाजीपुर को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मेले की उपलब्धि एवं आजीविका मिशन की प्रगति का विवरण मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। मेले में समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समूह से और महिलाओं को जोड़ें। प्रदेश में एक करोड़ महिलाओं को लखपति महिला क्लब में शामिल करने एवं करोड़पति महिला बनाने का आवाहन किया। उन्होंने आने वाले दिनों में सरस मेले के आयोजन कराये जाने की घोषणा की जिससे अन्य प्रदेशों एवं अन्य जनपदों से आने वाली महिलाओं से प्रेरित होकर दूसरी महिलाएं भी आगे आकर कार्य कर सकें। महिलाओं के कार्यों व उनके उत्पादों की सराहना भी की गई। उप मुख्यमंत्री द्वारा स्टालों का अवलोकन कर उत्पादों की जानकारी भी ली गई तथा आजीविका मिशन की तरफ से लगाए गए फूड कोर्ट को भी सराहा गया।इस अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या,एमएलसी धर्मेन्द्र राय, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मेयर कौशलेन्द्र सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी आवास संघ के चेयरमैन राजेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, एनआरएलएम के प्रबंधक श्रवण कुमार सिंह,विक्रम सिंह, प्रदीप केसरवानी,रामानन्द शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति समूह की महिलायें उपस्थित रहीं। इस कार्यक्रम में पैकेजिंग ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग विषयक कार्यशाला भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन सुजीत चौबे एवं धन्यवाद ज्ञापित उपायुक्त स्वत:रोजगार वाराणसी पवन कुमार सिंह द्वारा किया गया।
–सामूदायिक निवेश का चेक प्रदान करते डिप्टी सीएम