वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी — चंदौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र सिंह ने सोमवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट और औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग पत्रों के माध्यम से जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया और त्वरित व प्रभावी कार्यवाही की मांग की। वीरेन्द्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक चंदौली से मुलाकात कर वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान जनपद में अवैध शराब, गैंगस्टर एक्ट, महिला एवं बाल अपराध तथा मादक पदार्थ ( गांजा,कफ सिरप) आदि की तस्करी से संबंधित पुलिस कार्यवाहियों का विस्तृत क्रमबद्ध एवं लिखित विवरण उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अपराध नियंत्रण पारदर्शिता एवं निष्पक्ष कार्रवाई लोकतंत्र की बुनियाद है, और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। इसके अलावा सांसद ने जिला अधिकारी चंदौली से मुलाकात कर हालिया मौसम परिवर्तन के कारण गेहूं की फसल पर पड़े प्रतिकूल प्रभाव, किसानों के लिए सिंचाई जल की उपलब्धता, उर्वरकों व अन्य उर्बरकों की समयबद्ध आपूर्ति तथा एसआईआर (मतदाता सूची पुनरीक्षण) के अंतर्गत फॉर्म-07 के माध्यम से प्राप्त बड़ी संख्या में आपत्तियों के मुद्दे को गंभीरता से उठाया। उन्होंने मांग की कि नहरों में पर्याप्त पानी, सहकारी समितियों पर उर्वरकों की उपलब्धता और बीएलओ स्तर पर हो रही शिकायतों की गहन समीक्षा कर जिम्मेदारी तय किया जाए। इस अवसर पर सांसद के साथ विधायक प्रभु नारायण सिंह, समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, चंदौली बार काउंसिल के अध्यक्ष डा. वीरेंद्र सिंह छोटे, चेयरमैन सुनील यादव, मुसाफिर चौहान, संतोष यादव, सुदामा यादव, उदय शंकर सिंह, चंद्रशेखर यादव, दिलीप पासवान, संजय सोनकर, संजय नट, निरंजन कनौजिया, बाबूलाल यादव सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।सांसद बीरेंद्र सिंह ने कहा कि वे जनहित और जन सुरक्षा से जुड़े इन मुद्दों पर लगातार निगरानी रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर इन्हें सदन एवं सरकार के समक्ष भी मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा की की सभी विषयों पर शीघ्र पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्रवाई सूनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता का विश्वास और सुरक्षा दोनों मजबूत हो सके।