वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट वाराणसी — मैदागिन स्थित गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार को हिंदू युवा वाहिनी वाराणसी एवं त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय योग शिविर का शुभारम्भ किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में महंत योगी रामनाथ जी महाराज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वीरेंद्र नाथ उपाध्याय (मंत्री, क्रीड़ा भारती काशी प्रान्त एवं पूर्व उपाध्यक्ष हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद) उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ कराया। विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अम्बरीष सिंह भोला ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि तन, मन और आत्मा को जोड़ने वाला एक प्राचीन विज्ञान है। यह जीवन जीने की एक उत्कृष्ट कला है, जो व्यक्ति को तनाव से मुक्ति एवं आंतरिक शांति प्रदान करती है। योग गुरु विनोद कुमार व अखिलेश जी ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि स्वस्थ्य एवं संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना आवश्यक है। इस कार्यक्रम में योग साधकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर सहभागिता किया।इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सनी गुप्ता, ओमप्रकाश जायसवाल, रुद्र पाण्डेय, मनीष वर्मा, दिनेश अग्रहरि, अश्वनी गुप्ता, प्रफुल्ल राय, सागर सेठ, गणेश वर्मा,आशीष विश्वकर्मा, रवि विश्वकर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे। इस तीन दिवसीय योग शिविर में योगाभ्यास, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनका उद्देश्य जन सामान्य को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।