राजेश पटेल की रिपोर्ट वाराणसी। राष्ट्रीय पत्रकार परिषद ने महिला नेतृत्व को नई पहचान देते हुए संगठन के महिला प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की घोषणा की है। वाराणसी महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष रहीं नीतू चौबे को संगठन का महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया है, जबकि उर्मिला पटेल को वाराणसी महिला प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष नीतू चौबे के सम्मान में आयोजित समारोह में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। वहीं वाराणसी महिला प्रकोष्ठ की नवनियुक्त जिला अध्यक्ष उर्मिला पटेल का भी पुष्पमालाओं और अंगवस्त्र से अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र उपाध्याय ने दोनों पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को उठाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पत्रकार परिषद पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत है तथा समाजसेवियों को साथ लेकर समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, अन्याय और जनसमस्याओं के खिलाफ सशक्त अभियान चलाया जाएगा।
उपेन्द्र उपाध्याय ने विश्वास व्यक्त किया कि नीतू चौबे के नेतृत्व में महिला प्रकोष्ठ प्रदेश स्तर पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा, वहीं उर्मिला पटेल वाराणसी जनपद में महिला पत्रकारों एवं समाजसेवी महिलाओं को जोड़कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेंगी।
समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपे जाने से महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी तथा पत्रकार हितों की लड़ाई और अधिक मजबूती के साथ लड़ी जा सकेगी। कार्यक्रम का समापन संगठन की एकजुटता, विस्तार और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने के संकल्प के साथ हुआ।