वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी –रविवार से शुरू हो रहे पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन एवं जन जागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को जनपद स्तरीय जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुकेश कुमार ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इसी क्रम में जनपद के समस्त विकास खण्डों के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा शहरी क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से भी पल्स पोलियो अभियान के प्रति जन-जागरूकता हेतु रैलियां निकाली गई। इन रैलियों में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मियों, नर्सिंग छात्राओं एवं विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी बैनर लेकर आम जनता से अपील की कि वे अपने 0से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं तथा पोलियो मुक्त भारत के सपने को साकार करने में सहयोग करें। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉक्टर एसएस कनौजिया ने बताया कि 28 जून रविवार को जनपद के सभी पोलियो बूथों पर बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। जहां 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवन रक्षक खुराक पिलाई जाएगी। 29 जून सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की टीमे घर-घर जाकर ऐसे सभी बच्चों को पोलियो की वैक्सीन पिलाएंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके हैं।उन्होंने सभी अभिवावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा घर आने वाली स्वास्थ्य टीमों का भी पूरा सहयोग करें। इस अवसर पर सीएमओ ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित ना रहे।सभी नागरिक अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं।रैली के दौरान डब्ल्यू के सर्विलांस ऑफिसर डॉक्टर महेंद्र, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉक्टर शाहिद सहित एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।