रिपोर्ट जितेंद्र पटेल की वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवां रोड स्थित बिहड़ा गांव के नहर किनारे रविवार को 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए,जहां सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस, फोरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान गौर गांव निवासी जग्गू पुत्र नंदा राम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार,जग्गू शनिवार को बिहड़ा गांव स्थित अपनी बहन गीता देवी के घर जाने की बात अपने भाभी से कहकर घर से निकला था,लेकिन वहां नहीं पहुंचा। रविवार को उसका शव नहर किनारे मिला।वहीं परिजनों का आरोप है कि जग्गू के सिर पर गंभीर चोट के निशान,हाथ टूटे हुए थे और पीठ पर भी जख्म मिले हैं।मृतक की बहन गीता ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।परिवार के मुताबिक जग्गू ने छह माह पहले बिहड़ा गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से युवती के परिजन नाराज थे। यह जग्गू की दूसरी शादी थी। पहली पत्नी का निधन उसका हो चुका था।
वहीं मृतक की भाभी संजू ने बताया कि घर से निकलने से पहले जग्गू ने कुछ रुपये मांगे थे और बहन के घर जाने की बात कही थी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन उसका शव बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया।
एसीपी राजातालाब बीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।