रिपोर्ट /गुफरान अहमद. मिर्जापुर, 12 जुलाई 2026। मिर्जापुर की अग्रणी सामाजिक संस्था माइनॉरिटी वेलफेयर सोसायटी की ओर से हज यात्रा पूरी कर वतन लौटे विन्ध्याचल मंडल के लगभग 50 हज यात्रियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हाजियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। साथ ही “माँ के नाम एक पेड़” अभियान के अंतर्गत प्रत्येक हाजी को छायादार एवं फलदार पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भदोही विधायक जाहिद बेग ने कहा कि हज यात्रियों की दुआएँ समाज और देश के लिए अमूल्य हैं। उन्होंने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर कार्य करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि भारतगंज नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद आमीर ने हाजियों को अल्लाह का मेहमान बताते हुए कहा कि उनकी दुआएँ समाज में अमन, भाईचारा और खुशहाली का माध्यम बनती हैं।
समारोह में मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र जनपद से बड़ी संख्या में हाजियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर मोहम्मद परवेज खाँ, वसीम अहमद, मौलाना नज़म अली, मौलाना नौशाद आलम, हाफिज फरीद शाबरी, आजाद खाँ बापू सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल संचालन मोहम्मद अशफाक खाँ ने किया, जबकि अध्यक्षता सोसायटी के अध्यक्ष आफाक अहमद ने की। समारोह सौहार्द, सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।