कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्टवाराणसी। एंटरप्रेन्योर नेटवर्क ऑफ इंडिया (ENI) द्वारा संचालित वाराणसी की दूसरी टीम ENI SAMPURNA Chapter का भव्य शुभारंभ रथयात्रा स्थित होटल स्क्वायर में उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर के उद्यमियों, व्यवसायियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर इस नई पहल का स्वागत किया।
शुभारंभ समारोह में 60 से अधिक सदस्यों एवं 20 से अधिक विज़िटर्स की सहभागिता रही। इस अवसर पर मनीष गर्ग (President – ENI SAMPURNA) के नेतृत्व में राजीव झा, अर्जुन पटेल, गोविंद सिंह, दिलीप कुशवाहा, समीर भट्टाचार्य, साक्षी सिंह, सुनीता सिंह, वेद सिंह सहित अनेक प्रतिष्ठित उद्यमी एवं व्यवसायिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक प्रतिनिधि श्री आनंद तिवारी ने की। वहीं, ENI INDIA के संस्थापक अभिषेक सिंह ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं विज़िटर्स का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि ENI (Entrepreneur Network of India) का उद्देश्य उद्यमियों को एक सशक्त और भरोसेमंद मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे नेटवर्किंग, रेफरल, ज्ञान साझा करने और आपसी सहयोग के माध्यम से अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें। संस्था का लक्ष्य व्यापारिक संबंधों को मजबूत बनाते हुए स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर नए अवसरों का सृजन करना है।कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने एक-दूसरे से परिचय साझा किया, व्यापारिक अनुभवों का आदान-प्रदान किया तथा भविष्य में आपसी सहयोग के माध्यम से व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। ENI SAMPURNA Chapter का यह शुभारंभ वाराणसी के उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो शहर में व्यावसायिक नेटवर्किंग और उद्यमिता को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा।