वाराणसी काशी दीप विजन। कपसेठी थाना क्षेत्र स्थित कपसेठी रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर आगे शनिवार को रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति उम्र लगभग 50 वर्ष की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की विधिक प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कालिका बाजार चौकी प्रभारी मधुसूदन त्रिपाठी ने बताया कि मृतक का शव रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच पड़ा था। घटना स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक आधार कार्ड बरामद हुआ है। आधार कार्ड पर शारदा प्रसाद यादव पुत्र रामपति यादव निवासी कानपुर आगरा ट्रांसपोर्ट सेकेंड फेज, भारत कम्पाउंड, नियर अरोकम जीआईडीसी, वापी परदी, जिला वलसाड (गुजरात) दर्ज है। चौकी प्रभारी ने बताया कि हादसे में मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके कारण आधार कार्ड पर लगी तस्वीर से तत्काल पहचान करने में काफी कठिनाई आ रही है। पुलिस ने आधार कार्ड पर दर्ज पते के आधार पर गुजरात के संबंधित थाने में सूचना भेज दी है और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।