Follow us on

काशी की गंगा लहरों पर गूंज रही कजरी की मिठास, पद्मश्री मालिनी अवस्थी क्रूज पर दे रहीं संगीत की अनूठी पाठशाला

Share this post:

कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी। सावन की रिमझिम फुहारों, गंगा की लहरों और काशी की आध्यात्मिक आभा के बीच इन दिनों लोकसंगीत की अमूल्य धरोहर कजरी की मधुर स्वर लहरियां गूंज रही हैं। पद्मश्री लोकगायिका मालिनी अवस्थी गंगा के बीच क्रूज (बजरा) पर देश-विदेश से आए विद्यार्थियों को कजरी गायन का प्रशिक्षण दे रही हैं। यह अनूठी संगीत कार्यशाला केवल गायन तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और प्रकृति से जुड़ने का भी अद्भुत अवसर बन गई है।छह वर्षों से सावन में आयोजित हो रही कार्यशाला पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने बताया कि बाबा विश्वनाथ की कृपा और आशीर्वाद से पिछले छह वर्षों से प्रत्येक वर्ष आषाढ़ और सावन के महीने में कजरी कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को लोकसंगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ना और कजरी की विरासत को आगे बढ़ाना है।उन्होंने बताया कि शुरुआती तीन कार्यशालाएं मिर्जापुर में आयोजित की गई थीं, क्योंकि कजरी का उद्गम स्थल मिर्जापुर को माना जाता है। इसके बाद चुनार, चंदौली और राजदरी जैसे प्राकृतिक स्थलों पर भी कार्यशालाएं आयोजित हुईं। इस वर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर काशी को चुना गया, ताकि गंगा और बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी में विद्यार्थियों को प्रकृति के सान्निध्य में संगीत का प्रशिक्षण दिया जा सके।प्रकृति के बीच सीख रहे हैं संगीत मालिनी अवस्थी का कहना है कि कजरी केवल सुरों का संगीत नहीं, बल्कि प्रकृति की अनुभूति है। उनका मानना है कि जब तक विद्यार्थी वर्षा की बूंदों, पत्तों की सरसराहट, बादलों की गर्जना और प्रकृति की ध्वनियों को महसूस नहीं करेंगे, तब तक वे कजरी के भावों को सही मायने में अभिव्यक्त नहीं कर पाएंगे।इसी उद्देश्य से दो दिन राजदरी और तीन दिन गंगा के बीच क्रूज पर कार्यशाला आयोजित की गई है। सभी विद्यार्थी एक साथ इसी बजरे पर रहते हैं, भोजन करते हैं, अभ्यास करते हैं और दिनभर संगीत साधना में लीन रहते हैं।देश-विदेश से पहुंचे 56 प्रतिभागी इस कार्यशाला में भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी प्रतिभागी पहुंचे हैं। कुल 56 विद्यार्थी इस बार प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनमें सिंगापुर के साथ-साथ भागलपुर, हैदराबाद, उदयपुर, अहमदाबाद, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, दिल्ली, आगरा, गोरखपुर, सिवान सहित देश के कई शहरों से संगीत प्रेमी शामिल हुए हैं।प्रतिभागियों की आयु भी इस कार्यशाला की विशेषता है। सबसे छोटी छात्रा 18 वर्ष की है, जबकि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ प्रतिभागी भी पूरे उत्साह के साथ कजरी सीख रहे हैं। 60 से 75 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं भी पूरे समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।युवाओं में लोकसंगीत के प्रति बढ़ा समर्पण मालिनी अवस्थी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को लेकर कई तरह की धारणाएं बनाई जाती हैं, लेकिन इस कार्यशाला में शामिल अधिकांश छात्र-छात्राओं की उम्र 21 से 26 वर्ष के बीच है और उनमें लोकसंगीत सीखने का अद्भुत समर्पण, अनुशासन और विनम्रता देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह देखकर विश्वास और मजबूत होता है कि भारतीय लोक परंपराओं का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

गुरु पूर्णिमा पर होगा समापन

पांच दिवसीय इस कार्यशाला का समापन गुरु पूर्णिमा के अवसर पर होगा। सुबह 10 बजे सभी विद्यार्थी मंच पर अपनी सीखी हुई कजरियों की प्रस्तुति देंगे। मालिनी अवस्थी ने संगीत प्रेमियों को इस विशेष आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण देते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा से सुंदर अवसर कोई नहीं हो सकता, जब गुरु अपने शिष्यों को ज्ञान देकर अपने गुरुओं को श्रद्धांजलि अर्पित करे।केवल संगीत नहीं, जीवन जीने की कला भी. इस कार्यशाला की सबसे खास बात यह है कि यहां केवल गायन का अभ्यास नहीं कराया जाता। विद्यार्थियों को योग, ध्यान और एकाग्रता का भी प्रशिक्षण दिया जाता है। मालिनी अवस्थी बताती हैं कि अच्छा गायक बनने के लिए केवल स्वर नहीं, बल्कि मन की स्थिरता और आत्मिक संतुलन भी जरूरी है।वह बताती हैं कि पांच दिनों तक प्रत्येक विद्यार्थी के साथ व्यक्तिगत संवाद भी किया जाता है। कई युवा अपने करियर, संगीत साधना और जीवन से जुड़ी दुविधाएं साझा करते हैं। देर रात तक चलने वाली इन बैठकों में उन्हें मार्गदर्शन दिया जाता है। मालिनी अवस्थी कहती हैं कि यह अनुभव उन्हें अपने गुरुजनों के साथ बिताए दिनों की याद दिलाता है।

वर्षा में भीगकर गाने का अलग ही आनंद

उन्होंने एक रोचक अनुभव साझा करते हुए बताया कि कार्यशाला के दौरान जब सभी विद्यार्थी गंगा किनारे कजरी का अभ्यास कर रहे थे, तभी अचानक बारिश शुरू हो गई। लेकिन कोई भी भीतर जाने को तैयार नहीं हुआ। सभी बारिश में भीगते हुए गाते रहे।

मालिनी अवस्थी ने मुस्कुराते हुए कहा कि “कजरी गायन में न छाते की जरूरत होती है और न रेनकोट की। भीगकर गाने का जो आनंद है, वही इस लोकसंगीत की आत्मा है।”

उनका कहना है कि वर्षा केवल मौसम नहीं, बल्कि जेठ की तपती धरती को मिला इंद्रदेव का आशीर्वाद है। इसी आनंद और प्रकृति के उत्सव को कजरी के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाता है।

कजरी की समृद्ध परंपरा

मालिनी अवस्थी ने कहा कि कजरी विश्वभर में प्रसिद्ध है और इसकी सबसे मजबूत जड़ें पूर्वांचल की धरती में हैं। काशी, मिर्जापुर, चुनार और चंदौली में आज भी कजरी के अखाड़े मौजूद हैं, जहां गुरु-शिष्य परंपरा के तहत इस विधा का संरक्षण किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि भारतेंदु हरिश्चंद्र, प्रेमधन व्यास और अंबिकादत्त व्यास जैसे साहित्यकारों ने कजरी को समृद्ध किया। वहीं हीरालाल यादव, गुल्लू यादव, पंडित राम कैलाश यादव, उर्मिला श्रीवास्तव, सिद्धेश्वरी देवी और गिरिजा देवी जैसी महान विभूतियों ने इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।उनके अनुसार बनारस घराने का शायद ही कोई शास्त्रीय गायक हो, जिसने कजरी न गाई हो। कजरी की अधिकांश धुनें राग देश, सारंग, सोरठ और मेघ जैसे वर्षा ऋतु के रागों पर आधारित हैं। यही कारण है कि इन्हें सुनते ही मानो आकाश में काले बादल उमड़ आते हैं और बरसात का वातावरण जीवंत हो उठता है।पहला कजरी गीत आज भी याद अपने जीवन की पहली कजरी का जिक्र करते हुए मालिनी अवस्थी ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले यह कजरी गाई थी—बरसे सावनवा के बैरी बदरवा, कजरवा धुल-धुल जाए मोर राम.

इसके बाद उन्होंने अवधी शैली की प्रसिद्ध कजरी

अरे रामा, कृष्ण बने मनिहारन…”

सीखी और गाई।

लोक परंपरा के संरक्षण का अनूठा प्रयास

गंगा की गोद में, सावन की फुहारों के बीच आयोजित यह कजरी कार्यशाला केवल संगीत सीखने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय लोकसंस्कृति, प्रकृति, आध्यात्मिकता और गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत बनाए रखने का एक अनूठा प्रयास है। इसमें शामिल विद्यार्थी केवल बेहतर गायक बनकर नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत की गहरी समझ लेकर लौट रहे हैं।

लेखक के बारे में

खबरें और भी हैं...

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा मा0 मुख्यमंत्री उ0प्र0 के वाराणसी आगमन/भ्रमण/अवस्थान कार्यक्रम के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर किया गया सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण, बाद भ्रमण की गई ब्रीफिंग, दिये गये आवश्यक दिशा-निर्देश

Read More »

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x