रिपोर्ट:-कुलदीप बरनवाल शामली/लखनऊ: पश्चिमी यूपी के शामली में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात हुई। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम से निकलते ही गोली मारकर हत्या कर दी गई घटना सदर कोतवाली के नाला पटरी, आर्यपुरी की है। बताया गया कि अंकित बंतीखेड़ा के मूल निवासी थे और शाम 6 से पौने 7 के बीच जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठ रहे थे, तभी दो बाइकों पर आए 4 हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। मौके से 18 खोखा बरामद हुए हैं। उन्हें सिर और पेट में 5 गोलियां लगीं।
फायरिंग की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी शामली ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और कई टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
अंकित का गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी पॉपुलर हुआ था। यूट्यूब पर 3.66 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। वारदात से करीब एक घंटे पहले ही उन्होंने इंस्टा पर ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ गाने पर वीडियो पोस्ट किया था।परिजनों ने चुनावी रंजिश की आशंका जताई है, बताया जा रहा है कि वो जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे। पुलिस व्यक्तिगत विवाद समेत सभी एंगल पर जांच कर रही है।हत्या के बाद परिजनों ने वीवी इंटर कॉलेज रोड पर शव रखकर जाम लगाया। इस घटना पर सियासत भी शुरू हो गई है।