रिपोर्ट कार्यालय प्रतिनिधि वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के अटल इन्क्यूबेशन सेंटर–MFIE-IM-BHU की ओर से ‘भारत इनोवेशन कॉन्क्लेव 2.0’ का आयोजन शुक्रवार से विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वतंत्रता भवन में शुरू हुआ। दो दिवसीय कॉन्क्लेव का आयोजन 18 और 19 सितंबर 2026 को किया जा रहा है, जिसमें देश के नवाचार एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े संस्थापक, मेंटर, विशेषज्ञ और संस्थागत प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारत में तेजी से विकसित हो रहे इनोवेशन, स्टार्टअप और उद्यमिता के वातावरण को मंच प्रदान करना तथा युवाओं और नवोन्मेषकों को नए विचारों, तकनीकों और उद्यमों के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के दौरान काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के *कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी* ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की और नवाचार एवं स्टार्टअप से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालयों में विकसित हो रहे नए विचारों को प्रयोगशाला से समाज और बाजार तक पहुंचाने के लिए मजबूत इनोवेशन एवं इन्क्यूबेशन व्यवस्था आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को समस्याओं के समाधान पर आधारित नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और उद्यमिता की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कॉन्क्लेव में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे स्टार्टअप संस्थापकों, मेंटर्स और इनोवेटर्स द्वारा अपने अनुभव साझा किए जा रहे हैं। साथ ही नवाचार, उद्यमिता, तकनीक और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े विषयों पर संवाद एवं विचार-विमर्श किया जा रहा है।
अटल इन्क्यूबेशन सेंटर–MFIE-IM-BHU की ओर से आयोजित यह कॉन्क्लेव काशी में विकसित हो रही नवाचार संस्कृति और देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को एक मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।