वाराणसी विजय कुमार की रिपोर्ट। काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रह्लाद घाट चौराहे पर बृहस्पतिवार को हवन-पूजन और सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के नामित पार्षद डॉ. सुधीर त्रिपाठी (मुन्ना) के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। इसके बाद मौजूद लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर लड्डुओं से तैयार केक काटकर खुशी भी मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पार्षद डॉ. सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और धार्मिक आयोजन के रूप में मनाया गया। हवन-पूजन और हनुमान चालीसा के पाठ के माध्यम से उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में शोभित भारद्वाज, अंशुमान रघुवंशी, राहुल मिश्रा चिंटू, राजेश विश्वकर्मा, हिरा शुक्ला समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।