मिर्जापुरमें विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा पुलिस चौकी के पास स्थित एक किराने की दुकान में देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकान का एक हिस्सा परिवार के रहने के लिए भी उपयोग होता था, जिससे गृहस्थी का सामान भी आग की चपेट में आ गया। एक रिपोर्ट आग की लपटों में दुकान मालिक का लगभग 50 हजार रुपये नकद, कपड़े, जरूरी दस्तावेज, राशन सामग्री सहित पूरा सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद दुकान मालिक का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की जानकारी मिलते ही भटेवरा निवासी पारस नाथ बिंद ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।स्थानीय लोगों का कहना है कि आग अचानक बिजली के बोर्ड में आई शॉर्ट सर्किट से लगी, जो देखते ही देखते पूरे दुकान में फैल गई। आग की उठती लपटें और तपिश इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।हालांकि समय पर फायर टीम के पहुंच जाने से आग आस-पास की दुकानों तक नहीं पहुंच पाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग के वास्तविक कारणों की जांच में जुट गया है।घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं दुकान मालिक इस हादसे से गहरे सदमे में है। प्रशासनिक स्तर पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गुफरान अहमद की रिपोर्ट मिर्जापुर