वाराणसी — राजकीय खाद्य विज्ञान केंद्र कचहरी वाराणसी में गुरुवार को एक मासीय मुख्यमंत्री खाद्य संस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत बेकरी प्रशिक्षण का समापन करते हुए प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मुंबई की सामाजिक फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सैयद राजा सुभाष पासी की पत्नी रीना पासी उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी जी एवं मुख्यमंत्री योगी जी का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिससे लोगों को रोजगार स्थापित कराकर आत्मनिर्भर बनाया जा सके। इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के केक, पाव ब्रेड, नानखटाई, मेल्टिंग मोमेंट्स एवं काजू बिस्कुट इत्यादि का प्रयोगात्मक तरीके से प्रशिक्षण दिया गया। गुरुवार को समापन के अवसर पर प्रशिक्षुओं ने प्रोडक्ट तैयार करके प्रदर्शित किया। जिसका निरीक्षण मुख्य अतिथि रीना पासी ने किया। जिला प्रभारी खाद्य प्रसंस्करण रत्नेश चंद्र अग्रवाल ने इस कार्यक्रम की जानकारी दी और सराहना करते हुए उत्साह वर्धन किया। इस अवसर पर मंडलीय प्रधानाचार्य पवन कुमार ने भावी उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने हेतु विभागीय सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस कार्यक्रम में सोनी चौरसिया, शिवांगी सिंह एवं शिखा राय को प्रधानाचार्य द्वारा ट्राफी देकर पुरस्कृत किया गया वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट वाराणसी