वाराणसी महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू क्रीड़ा मैदान में आज छात्र संघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी हर्षित के नेतृत्व में छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से गेहूं की बुवाई की।इस अवसर पर आशुतोष तिवारी ‘हर्षित’ ने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रमुख खेल मैदान वर्षों से अव्यवस्थित अवस्था में पड़ा है। आज तक न तो रनिंग ट्रैक का निर्माण हो सका है और न ही खेल मैदान का समुचित रख-रखाव किया गया है। परिणामस्वरूप स्पोर्ट्स फिजिकल एजुकेशन तथा छात्रावासों के छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन अभ्यास एवं सुबह की दौड़ के लिए सड़कों के किनारे दौड़ने को मजबूर होना पड़ता है, जिससे उन्हें मोच, चोट और अन्य शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र आर्मी बीएसएफ, सीआरपीएफ सहित विभिन्न सुरक्षा बलों की तैयारी कर रहे हैं लेकिन खेल सुविधाओं के अभाव में उन्हें गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आज स्थिति यह है कि विश्वविद्यालय का खेल मैदान खेलने योग्य होने के बजाय खेती योग्य बनता जा रहा है। इसी उपेक्षा को उजागर करने और प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के उद्देश्य से आज प्रतीकात्मक रूप से गेहूं की बुवाई की गई है।आशुतोष तिवारी हर्षित ने कटाक्ष करते हुए कहा जब यह गेहूं पक जाएगा तब मैं विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों के साथ इसकी रोटी खिलाने का कार्य करूंगा उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी भी समय है कि वह अपनी चिर-निद्रा से जागे और शीघ्र ही रनिंग ट्रैक के निर्माण एवं खेल मैदान के समुचित विकास का कार्य प्रारंभ करे अन्यथा छात्रों को बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।उन्होंने आगे कहा कि जब तक खेल मैदान सुव्यवस्थित नहीं होगा तब तक विश्वविद्यालय के छात्र देश की टॉप क्लास यूनिवर्सिटीज़ से प्रतिस्पर्धा कैसे करेंगे और गोल्ड मेडल कैसे हासिल करेंगे। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन स्वयं छात्रों के हितों पर ध्यान नहीं देता है, तो छात्रों को अपने अधिकारों के लिए मजबूरन संघर्ष करना पड़ेगा अंत में आशुतोष तिवारी ‘हर्षित’ ने कहा कि वे छात्रों और छात्राओं के हितों के लिए सदैव संघर्ष करते रहेंगे और खेल सुविधाओं की बहाली तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस कार्यक्रम में दर्जनों छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की जिनमें प्रमुख रूप से हर्षित तिवारी नयन राय अंश रघुवंशी मोहम्मद अली शुभम साक्षी, तान्या गुप्ता सान्या पायल निखिल चौबे विशाल चौबे अतुल उपाध्याय अमन चौधरी प्रियांशु सिंह आकाश सिंह, आर्यन सिंह,अनुराग दीक्षित राहूल पाण्डेय आशुतोष दूबे सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी