रवी शंकर राय की रिपोर्ट वाराणसी
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के हर प्रसाद गुप्त इन्क्यूबेशन फाउण्डेशन में शुक्रवार को ‘स्टार्टअप डे’ का आयोजनकिया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के उन छात्र–छात्राओं ने भाग लिया, जो अपना स्टार्टअप प्रारंभ करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। इन्क्यूबेशन फाउण्डेशन के निदेशक प्रो. मोहम्मद आरिफ ने फाउण्डेशन की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं एवं स्टार्टअप को प्रदान की जाने वाली सहायता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नवाचार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान एमबीए के छात्र राहुल पटेल एवं उज्जैर ने काशी में तेजी से बढ़ते पर्यटन व्यवसाय को ध्यान में रखते हुए अपने प्रस्तावित स्टार्टअप की रूपरेखा प्रस्तुत की। रसायन विज्ञान विभाग की शोधार्थी वन्दना सोनकर ने बढ़ती बेरोजगारी की समस्या के समाधान हेतु एआई आधारित कैरियर काउन्सलिंग स्टार्टअप के विषय में जानकारी दी। गणित विभाग की श्वेता यादव ने संगीत के माध्यम से छात्रों के तनाव को कम करने से संबंधित अपने स्टार्टअप की अवधारणा साझा की। दर्शनशास्त्र के छात्र ऋषभ गुप्ता ने काशी की आध्यात्मिकता को सुगंध के रूप में प्रस्तुत करने वाले स्टार्टअप की योजना पर प्रकाश डाला। जीवन कौशल शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत ‘हैप्पी लाईफ टेक्नोसॉफ्ट’ के निदेशक संदीप कुमार ने विस्तार से बताया कि इन्क्यूबेशन सेंटर के मार्गदर्शन से उनके स्टार्टअप को किस प्रकार दिशा और मजबूती प्राप्त हो रही है। इस अवसर पर निहारिका, जिज्ञासा, तन्वी यादव, सृष्टि सिंह, जागृति पाण्डे, सवेन्द्र खरवार, राजेश यादव, मौसमी राय आदि उपस्थित रहे।