सुकन्या सिंह की रिपोर्ट वाराणसी
वाराणसी। मणिकर्णिका घाट पर लोक माता अहिल्याबाई होलकर सहित अन्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की मूर्तियों को तोड़कर हटाए जाने के विरोध में आज कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया गया।कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस के लगभग 20–25 कार्यकर्ता प्रधानमंत्री कार्यालय को संबोधित ज्ञापन देने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया और शांतिपूर्ण ढंग से ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जबरन गाड़ियों में भरकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।
इस कार्रवाई को कांग्रेस ने लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला हनन बताया है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर जैसी महान समाज सुधारक और राष्ट्रसेविका की मूर्ति को हटाना न केवल इतिहास और संस्कृति का अपमान है, बल्कि जनभावनाओं को आहत करने वाला कदम भी है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी। सरकार को चाहिए कि वह मूर्तियों को पुनः स्थापित करे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है और आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।