वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी — उदय प्रताप महाविद्यालय के राजर्षि सभागार में बुधवार को सेंटर फार इन्वेस्टर एजुकेशन एंड लर्निंग मुंबई एवं उदय प्रताप कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विज्ञान संकाय की छात्राओं को वित्तीय समावेशन, प्रारंभिक स्तर पर धन सृजन तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था, जिससे महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिल सके। इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में चार्टर्ड अकाउंटेंट विशाल सिंह उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर धर्मेंद्र सिंह व मुख्य अतिथि विशाल सिंह द्वारा राजर्षि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कराया गया।तथा प्राचार्य के स्वागत उद्बोधन से कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ।इस अवसर पर मुख्य अतिथि विशाल सिंह ने छात्राओं को वित्तीय बाजारों की बुनियादी जानकारी देते हुए बचत एवं निवेश के विभिन्न माध्यमों जैसे रिकरिंग डिपॉजिट, पब्लिक प्रोविडेंट फंड, सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान तथा म्युचुअल फंड के अन्य विकल्पों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने नेशनल पेंशन सिस्टम को दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण का प्रभावी साधन बताते हुए चक्रवृद्धि ब्याज की शक्ति पर विशेष रूप से प्रकाश डाला, साथ ही बैंकिंग प्रणाली में नामिनी के महत्व को भी सरल उदाहरण के माध्यम से स्पष्ट किया। इस कार्यक्रम में विज्ञान संकाय की छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और विषय वस्तु को अत्यंत उपयोगी बताया। यह कार्यक्रम छात्रों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ जो उन्हें आत्मनिर्भर और सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर करेगा। इस कार्यक्रम का सफल संचालन समन्वयक प्रो. अंजू सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अन्त में सह समन्वयक सतीश प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।