गुफरान अहमद की रिपोर्ट मिर्जापुर
मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं को पौधों का प्रसाद वितरित करने के अभियान का शुभारंभ बसंत पंचमी के अवसर प किया गया। वृहद कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जिला जज अरविंद मिश्र एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने संयुक्त रूप से किया। भक्तों को पौध वितरण कर मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने बताया कि ऋतु के अनुसार छायादार, फलदार, सब्जी तथा तुलसी सहित विभिन्न प्रकार के पौधों का वितरण निरंतर किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु पौधारोपण के प्रति प्रेरित : जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार 10 पुत्रों के पालन से मिलने वाला पुण्य एक कन्या के पालन से प्राप्त होता है, जबकि 10 कन्याओं के पालन से मिलने वाला पुण्य एक वृक्ष को रोपित कर उसका संरक्षण करते हुए बड़ा करने से मिलता है। उन्होंने बताया कि माता विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण से पौधों का वितरण महाप्रसाद के रूप में दर्शनार्थियों को किया जाएगा, जिसमें सभी प्रकार के फलदार पौधे शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल से “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान को गति मिलेगी। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है।पौध वितरण काउंटर का संचालन उद्यान विभाग द्वारा किया जा रहा है।