वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी — उदय प्रताप महाविद्यालय के राजर्षि सभागार में मंगलवार को भूगोल विभाग द्वारा राष्ट्रीय भूगोल दिवस के अवसर पर व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में इलाहाबाद विश्वविद्यालय की संघटक महाविद्यालय में प्राध्यापक डॉक्टर दर्शन कुमार झा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ राजर्षि जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कराया गया। इस कार्यक्रम में भूगोल विभागाध्यक्ष अंजू सिंह ने राष्ट्रीय भूगोल दिवस मनाया जाने के कारणों पर विस्तार से प्रकाश डाला और प्रो. पंकज कुमार सिंह ने भूगोल बिषय के अध्ययन प्रवृत्ति के द्वारा वैज्ञानिक चिंतन के विकास का वर्णन किया तथा डा.मनोज कुमार सिंह ने भूगोल विषय के अद्यतन प्रवृत्ति से विद्यार्थियों का परिचय कराया। मुख्य वक्ता के रूप में दर्शन कुमार झा ने मात्रात्मक शोध विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए बताया कि भूगोल स्थान का विज्ञान है। ऑनलाइन शॉपिंग, ओला एवं जोमैटो के साथ ऑपरेशन सिंदूर में भी जीपीएस के द्वारा भूगोल का प्रयोग किया गया है। विद्वान वक्ता ने शोध में प्रयुक्त होने वाले विभिन्न सॉफ्टवेयर से विद्यार्थियों को परिचित कराया। कार्यक्रम का संचालन चंदन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित डा.विनीत कुमार राय ने किया। इस कार्यक्रम में पीएचडी कोर्स वर्क के शोध छात्र व छात्राओं के साथ साथ एमए द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र व छात्रायें भी उपस्थित रहे।