Follow us on

_किराएदार के कमरे से आटे के डिब्बे में मिली बच्ची की लाश; 28 घंटे से लापता थी 8 साल की मासूम

Share this post:

रिपोर्ट कृष्ण गोपाल

आगरा: मंगलवार शाम 4 बजे घर से लापता 8 साल की बच्ची का शव बुधवार रात करीब 8 बजे यानी 28 घंटे बाद उसी घर के किराएदार के कमरे से मिला है. बच्ची की लाश को आटा रखने वाले सिल्वर कलर के ड्रम में छिपाया गया था. आरोपी किराएदार मौके से फरार है. पुलिस टीमें उसकी तलाश कर रही हैं. घटना ताजगंज थाना क्षेत्र में गौबर चौकी के सिद्धार्थ नगर की है।

इधर, 8 साल की बच्ची की लाश मिलने पर परिजन आक्रोशित हो गए. गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने फतेहाबाद रोड के मुगल पुलिया पर जाम लगा दिया. आक्रोशित लोगों ने मौके पर तोड़फोड़ भी की है. सीनियर पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह से लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

किराएदार पर केस दर्ज: DCP सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी अभी फरार है. पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं. बच्ची की हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. आशंका है कि गला दबाकर बच्ची की हत्या की गई है. आरोपी के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

मंगलवार शाम से थी लापता: DCP सिटी ने बताया कि ताजगंज थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर निवासी दिनेश कुमार जूता कारखाना संचालक हैं. दिनेश का घर में ही जूता कारखाना है. उसने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम करीब 4 बजे उनकी बेटी प्रज्ञा (8) घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी।

रात भर पुलिस ने की तलाश: जब बेटी शाम तक घर नहीं आई तो उसकी तलाश शुरू की गई. उसका कहीं सुराग नहीं मिला. इस पर ताजगंज पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज करके CCTV खंगालने शुरू किए. CCTV में बच्ची दो बार दिखी.

CCTV से मिला सुराग: CCTV में बच्ची एक बार गली से बाहर आ रही है. दूसरी बार गली में ही वापस जा रही है. इससे साफ हो गया कि बच्ची गली के अंदर हीं कहीं गायब हुई है. इसके बाद पुलिस टीम ने हर घर की तलाशी ली. तब भी बच्ची का कहीं सुराग नहीं मिला।

बुधवार रात पुलिस को जानकारी मिली कि दिनेश कुमार के घर में एक किराएदार सुनील और उसकी मां रहते हैं. पुलिस ने किराएदार सुनील के बारे में पूछा तो वह गायब था. जबकि, पहले वह परिवार के साथ ही बच्ची की खोजबीन कर रहा था. उसकी मां भी मंगलवार शाम से नहीं दिखी थी।

किराएदार के घर में मिली लाश: इसके बाद पुलिस टीम मकान की पहली मंजिल पर स्थित किराएदार के कमरे में पहुंची. कमरे पर ताला लगा था. पुलिस ने ताला तोड़ा और कमरे में छानबीन की गई तो कमरे में आटे का ड्रम मिला.

जब खोलकर देखा गया तो ड्रम के अंदर बच्ची का शव था. पुलिस ने उसे कब्जे में लेने का प्रयास किया तो लोग भड़क गए. वहां भीड़ जुट गई. लोगों फतेहाबाद मार्ग स्थित मुगल पुलिया पर जाम लगा दिया.

पुलिस ने दिया भरोसा: DCP सिटी सैय्यद अली अब्बास को बच्ची की हत्या और हंगामा की जानकारी हुई तो कई थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने बच्ची के परिजनों से बात की. उन्हें भरोसा दिलाया कि आरोपी नहीं बचेगा. जल्द ही पकड़ा जाएगा.

DCP सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि बच्ची के पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ होगी. बच्ची के साथ कुछ गलत हुआ होगा तो भी पता चल जाएगा. आरोपी किसी भी सूरत में बच नहीं पाएगा. बुधवार देर रात पुलिस ने भीड़ को शांत कराकर जाम खुलवाया है

परिवार में मचा कोहराम:पिता दिनेश ने बताया कि मेरी दो बेटियां हैं. इनमें आठ प्रज्ञा बड़ी थी और छोटी बेटी 5 साल की है. प्रज्ञा के लापता होने से पत्नी प्रीति सदमे है. दो दिन से घर में चूल्हा नहीं जला है. जब परिवार ने बेटी का शव अपने ही घर में किराएदार के कमरे में देखा तो कोहराम मच गया।

लेखक के बारे में

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x