रिपोर्ट सलीम मंसूरी
जमानिया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा लेखपालों पर की जा रही कथित गलत एवं अनुचित ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर लेखपालों ने शनिवार को संपूर्ण कार्य बहिष्कार कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देश पर स्थानीय तहसील के लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार करते हुए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक तहसील मुख्यालय पर धरना दिया तथा उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अयोध्या जनपद की सोहावल तहसील में तैनात लेखपाल उत्कर्ष दीप के साथ पंचायत भवन में सुनियोजित तरीके से जबरन पैसे पकड़ाकर ट्रैपिंग की कार्रवाई की गई है। उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज से साफ जाहिर होता है कि लेखपाल का रिश्वत से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि फील्ड में विपरीत परिस्थितियों में शासन की योजनाओं को लागू करने वाले निर्दोष लेखपालों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे संवर्ग में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। संघ ने मांग की कि अयोध्या प्रकरण की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराकर लेखपाल के खिलाफ दर्ज कार्रवाई को निरस्त किया जाए तथा दोषी ट्रैप टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों पर प्राथमिकी दर्ज कर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष विजय सिंह, तहसील मंत्री मंतोष सिंह, ईश्वर कुमार, तौकीर हसन, असित कुमार, रुपेश रंजन सिंह, राजकुमार, विजय कुमार, संतोष यादव तथा नितेश यादव सहित अन्य लेखपाल उपस्थित रहे।