वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता वाराणसी
आज दिनांक 01 जनवरी 2026 को वाराणसी विकास प्राधिकरण के सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपाध्यक्ष महोदय श्री पुर्ण बोरा द्वारा दिसंबर माह में सर्वाधिक एवं त्वरित रूप से ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृत करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।उपाध्यक्ष महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध सेवाएं आम नागरिकों को उपलब्ध कराना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली से आमजन को राहत मिली है तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है। इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे अन्य अधिकारी भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित हों।इस अवसर पर दिसंबर माह में सर्वाधिक ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृत करने के लिए अपर नगर नियोजक/जोनल अधिकारी श्री सौरभ जोशी, अवर अभियंता श्री जय प्रकाश गुप्ता, सुश्री प्रिया अग्रहरी, जोन-3 के जोनल अधिकारी श्री सौरभ देव प्रजापति, अवर अभियंता श्री रविन्द्र प्रकाश एवं एसोसिएट इंजीनियर श्री सुशील कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।उपाध्यक्ष महोदय ने सभी सम्मानित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण, पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।मौजूद बैठक में सचिव महोदय डॉ वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव महोदय गुड़केश शर्मा, नगर नियोजक प्रभात कुमार,श्रीमती सुनीता गुप्ता व संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।