विजय कुमार की रिपोर्ट
वाराणसी। राजातावाब स्थित महाराज बलवंत सिंह पीजी कॉलेज के विधि विभाग की ओर से 27 मई को विधि के छात्र-छात्राओं के लिए मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने काल्पनिक वाद “आर्य प्रदेश राज्य बनाम फैजान अली” पर अभियोजन एवं बचाव पक्ष की ओर से प्रभावशाली तरीके से अपने तर्क प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के विधि संकाय के प्रोफेसर राजू मांझी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में न्यायाधीश की भूमिका निभाते हुए छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। अपने संबोधन में उन्होंने मूट कोर्ट और मूट ट्रायल के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए मूट कोर्ट की आवश्यकता, उद्देश्य और विधि शिक्षा में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपने विधिक ज्ञान, तर्कशक्ति और वाद-विवाद कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन में विधि विभाग के डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव, डॉ. मृत्युंजय कुमार राय और श्री आशीष कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकगण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि स्वागत, माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मृत्युंजय कुमार राय ने किया।