वाराणसी विजय कुमार की रिपोर्ट। काशी प्रीमियर लीग (KPL) के तहत आयोजित टी-10 क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी घोषणा की गई। लीग प्रबंधन की ओर से “बनारस महाकाल वारियर” टीम का आधिकारिक रूप से अनावरण किया गया। टीम की स्वामित्व की जिम्मेदारी केके इंटरप्राइजेज के संचालक कन्हैया लाल केशरी को सौंपी गई है। टीम के अनावरण के साथ ही आगामी सत्र को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है।
काशी प्रीमियर लीग का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बेहतर और पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है। टी-10 प्रारूप में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसी क्रम में “बनारस महाकाल वारियर” के रूप में एक नई टीम के जुड़ने से लीग को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
टीम के स्वामी कन्हैया लाल केशरी ने नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “बनारस महाकाल वारियर” के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। टीम का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता में हिस्सा लेना ही नहीं, बल्कि उभरते हुए खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच प्रदान करना भी रहेगा।
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे अनेक प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं, जिन्हें अपनी क्षमता दिखाने के लिए बड़े मंच की आवश्यकता है। काशी प्रीमियर लीग उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है। टीम प्रबंधन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगा, ताकि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
बनारस महाकाल वारियर के अनावरण के अवसर पर प्रीमियम लीग प्रबंधन एवं उपस्थित लोगों की ओर से टीम स्वामी कन्हैया लाल केशरी को शुभकामनाएं दी गईं। लीग प्रबंधन ने विश्वास जताया कि आगामी सत्र में टीम मैदान पर शानदार प्रदर्शन करेगी और काशी की खेल प्रतिभा एवं क्रिकेट की पहचान को देशभर में नई ऊंचाई देगी।
टीम के गठन और आगामी सत्र में खिलाड़ियों के चयन को लेकर भी क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब काशी प्रीमियर लीग पर टिक गई हैं। माना जा रहा है कि देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भागीदारी से प्रतियोगिता में रोमांच और प्रतिस्पर्धा दोनों बढ़ेंगे। “बनारस महाकाल वारियर” के मैदान में उतरने के साथ काशी प्रीमियर लीग का आगामी सत्र और भी आकर्षक होने की उम्मीद है।