कृष्ण गोपाल की रिपोर्ट वाराणसी
डोमरी, रामनगर, वाराणसी स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में अनुग्रह जैन चिकित्सालय वाराणसी के डॉक्टरों द्वारा “स्वस्थ एवं सुरक्षित काशी” अभियान के अंतर्गत नेत्र परीक्षण व नि:शुल्क चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
चिकित्सालय के डॉक्टर संजय द्वारा महाविद्यालय की छात्राओं, शिक्षक– शिक्षिकाओं तथा कर्मचारियों का नेत्र परीक्षण किया गया। नेत्र परीक्षण में छात्राओं की आंखों की आधुनिक तकनीक द्वारा जांच की गई तथा जिन छात्राओं की दृष्टि कमजोर पाई गई, उन्हें नि:शुल्क चश्मा प्रदान किया गया।
छात्राओं की उचित नेत्र जांच, स्वास्थ्य की उचित देखभाल एवं जागरूकता के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का थीम “स्वस्थ्य दृष्टि– उज्जवल भविष्य” रहा।
महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से महाविद्यालय की छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण समय–समय पर होता रहेगा। उन्होंने बताया कि अन्य प्रकार के रोगों से संबंधित डॉक्टरों से संपर्क कर उनका निःशुल्क कैंप भी महाविद्यालय में शीघ्र लगाया जाएगा।