वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट वाराणसी –उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय संयुक्त सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोनचंद वाल्मीकि के नेतृत्व में सफाईकर्मियों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने नगर निगम के द्वारा जारी आदेश सफाईकर्मियों के दिन भर के चार पाली में उपस्थिति दर्ज कराने के तुगलकी आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष सोनचन्द वाल्मीकि ने कहा कि दिन भर के चार पाली में उपस्थिति दर्ज कराने में सफाईकर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिससे हर सफाईकर्मियों में तनाव ग्रस्तता का माहौल व्याप्त हो गया है। जिसे समस्त सफाईकर्मी कत्तई बर्दाश्त नहीं करेंगे। भारत के किस संविधान में लिखा है कि सफाई कर्मी दिन भर में चार बार अपनी उपस्थिति दर्ज करायेंगे। सफाईकर्मियों के प्रतिनिधि मंडल ने नगर आयुक्त से इस चार पाली के उपस्थिति दर्ज कराने के आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने हेतु मांगपत्र सौंपा।अगर इसे वापस नहीं लिया गया तो नगर निगम के समस्त सफाईकर्मी उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।जिसका सारा दायित्व निगम प्रशासन का होगा।वहीं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल द्वारा उक्त आदेश वापस लेने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सोमचन्द वाल्मीकि ने किया तथा प्रतिनिधि मंडल में उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता, राजू भारती प्रदेश उपाध्यक्ष, रविंद्र कुमार मेहता प्रदेश प्रमुख महामंत्री, श्रवण कुमार भारती जिला प्रभारी व प्रदेश कोषाध्यक्ष, ओमप्रकाश वेरिहा, अशोक कुमार शाखाअध्यक्ष नगर निगम वाराणसी समेत दर्जनों पदाधिकारी उपस्थित रहे।