सलीम मंसूरी की रिपोर्टजमानिया। जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश के क्रम में बुधवार को तहसील में प्रशासनिक फेरबदल के तहत नए उपजिलाधिकारी की तैनाती हो गई है। नवागत एसडीएम सुश्री निधि ने आधिकारिक रूप से तहसील का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद नवागत उपजिलाधिकारी सुश्री निधि ने कार्यालय का निरीक्षण किया और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि तहसील स्तर पर आने वाले हर फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और उसका समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही राजस्व से जुड़े मामलों को निष्पक्षता के साथ हल करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। पदभार ग्रहण करने के दौरान तहसील के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने नवागत उपजिलाधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें नए कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।