विजय कुमार की रिपोर्ट
वाराणसी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं काशी गौरव पंडित कमलापति त्रिपाठी की हिन्दी तिथि के अनुसार 121वीं जयंती पर आज सायं खजुरी में आयोजित होने वाले बृहद जयंती समारोह से पूर्व प्रातः 10 बजे इंग्लिशियालाइन स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर पार्टीजनों ने एकत्र होकर उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता पंडित विजय शंकर पाण्डेय ने कहा कि पंडित कमलापति त्रिपाठी बाल्यकाल से ही महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित होकर स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े थे। आज देश जिस दौर से गुजर रहा है, उसमें पंडित जी के विचार, आदर्श और चिंतन पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो उठते हैं। कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ नेता विजय शंकर मेहता ‘बिज्जी महराज’ ने कहा कि पंडित जी की महान विरासत तथा उनके द्वारा स्थापित मूल्यों और मान्यताओं को आत्मसात करके ही देश और समाज को एकजुट एवं सशक्त बनाया जा सकता है। सह-संयोजक युवा नेता विपिन मेहता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर बैजनाथ सिंह, आनंद मिश्रा, डॉ. उमापति उपाध्याय, दिलीप चौबे, उदय सिंह, पवन खन्ना, मयंक चौबे, कमलाकांत पाण्डेय, गोरख यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।