दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिरईगांव स्थित रुस्तमपुर में अभय क्लीनिक एंड मैटरनिटी होम में 22 वर्षीय कंचन कुमारी की प्रसव के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल में तोड़फोड़ की गई और बाद में परिजनों ने शव को NH-29 पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे से लंबा जाम लगा हुआ है।
बताया जा रहा है कि 2 अगस्त को कंचन कुमारी ने जुड़वा बेटों को जन्म दिया था। इसके बाद इलाज के लिए उन्हें रुस्तमपुर के चौधरी नगर स्थित अभय क्लीनिक एंड मैटरनिटी होम ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति मिथिलेश कुमार की तहरीर पर अस्पताल के डॉक्टर महेंद्र यादव, एक झोलाछाप डॉक्टर तथा एक नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि संबंधित डॉक्टर और अस्पताल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और NH-29 पूरी तरह से बाधित है। स्थिति को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने के प्रयास जारी हैं।
बाइट — विनय द्विवेदी एसीपी सारनाथ
बाइट–मृतका के के पति मिथिलेश कुमार