जितेंद्र पटेल की रिपोर्ट
मिर्जामुराद (वाराणसी) : लोक समिति के तत्वावधान में यूनियन बैंक के सहयोग से प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में शनिवार को महिला कजली महोत्सव का आयोजन किया गया।महिला कजली महोत्सव में मेंहदीगंज गांव की महिलाओं ने प्रथम स्थान, दूसरे स्थान पर अफजलपुर और तीसरे स्थान पर देउरा की टीम रही। कजली महोत्सव में महिलाओं ने पारम्परिक गीतों के साथ-साथ देश भक्ति, मनरेगा, शिक्षा, महिला हिंसा, मौजूदा समय में महिलाओं की स्थिति, भ्रष्टाचार जैसे सामयिक मुद्दों पर गीतों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की।
बारिश का मौसम और लोक संगीत, यही तो काशी की सांस्कृतिक पहचान है।हर पर्व के लिए अलग गीत और संगीत हैं, तभी तो इसे सांस्कृतिक राजधानी का दर्जा हासिल है।ऐसे में संस्कृति के संरक्षण में जुटीं लोक समिति के पहल पर नागेपुर में आयोजित हुआ कजरी महोत्सव में गांव गिरांव की महिलाओं ने बढ़-चढ कर हिस्सा लिया। अच्छी प्रतियोगिता हुई। सभी ने सधे स्वर में कजली सुनाई। जिसे सुन वहां मौजूद श्रोता मंत्र मुग्ध हो गए।प्रतियोगिता कब खत्म हो गई पता ही नहीं चला।
विजेता टीम के सभी सदस्यों को लोक समिति और यूनियन बैंक शाखा नागेपुर की तरफ से क्रमशः शील्ड, कंडाल,जग, बाल्टी तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाली अन्य टीमों को थाली के रूप में सांत्वना पुरस्कार दिया गया।कार्यक्रम में वाराणसी जिले के अलग-अलग गांवों से महिला स्वयं सहायता समूह की कुल 32 टीमों ने भाग लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह पटेल व प्रधान संघ अध्यक्ष मुकेश कुमार रहे।महोत्सव का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के डीजी एम शैलेन्द्र कुमार, एलडीएम अविनाश अग्रवाल और यूनियन बैंक आफ इण्डिया नागेपुर के शाखा प्रबन्धक इन्द्र मोहन ने दीप प्रज्वलन कर किया।
कार्यक्रम का संचालन अनिता और आशा ने स्वागत सोनी ने और धन्यवाद ज्ञापन लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने किया।
इस अवसर पर आराजी लाईन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेन्द्र सिंह पटेल, ग्राम प्रधान मुकेश कुमार, शैलेन्द्र सिंह ‘पिन्टू’ (पत्रकार), सभाजीत यादव, जादूगर रमेश पटेल, रामप्रकाश मास्टर,अनीता, सोनी, मनीषा, विद्या, चन्द्रकला, पंचमुखी, श्यामसुन्दर, सीमा, विद्या, शिवकुमार, रामबचन, सुनील समेत स्वयं सहायता समूह से सैकड़ो महिलाए शामिल रहे। निर्णायक मंडल के रूप में देवनाथ,रामसहारे, रामजी उपस्थित रहे।