रिपोर्ट /गुफरान अहमद मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट के मामले में वांछित एक शातिर आरोपी को घायल कर गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी तपोवन मार्ग स्थित हिनौता रोड पर सुरभी शोध संस्थान के पास मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय जावेद पुत्र इस्लाम, निवासी दुर्गाजी पहाड़ी नई बस्ती, अहरौरा के रूप में हुई है। तलाशी में ₹5,300 नकद, .315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और पीड़ित का आधार कार्ड बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।