रिपोर्ट विजय कुमार की वाराणसी। अस्सी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध लोलार्क कुंड और बाबा लोलार्केश्वर महादेव मंदिर पर आगामी सूर्य षष्ठी स्नान पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को डीआईजी शिवहरि मीणा ने पुलिस अधिकारियों के साथ लोलार्क कुंड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुंड परिसर, मंदिर क्षेत्र और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों का जायजा लिया। अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, सुगम दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी के साथ डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा प्रसाद सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोलार्क कुंड के भीतर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद बाबा लोलार्केश्वर महादेव का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आगामी पर्व के सकुशल आयोजन की कामना की।