कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट
वाराणसी के चितईपुर स्थित काशी हार्ट केयर में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में हृदय संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों के लिए निःशुल्क हृदय रोग चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। जनसेवा और बेहतर स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया तथा स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
इस विशेष चिकित्सा शिविर में कुल 135 मरीजों ने अपनी जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। शिविर के दौरान मरीजों को हृदय रोग संबंधी समस्याओं की पहचान, आवश्यक स्वास्थ्य जांच, उपचार संबंधी सुझाव तथा बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में हृदय रोग तेजी से लोगों को प्रभावित कर रहा है। अनियमित जीवनशैली, तनाव, असंतुलित खान-पान तथा शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण हृदय रोगों का खतरा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श से गंभीर बीमारियों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
डॉ. भूपेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि काशी हार्ट केयर का उद्देश्य केवल मरीजों का उपचार करना नहीं बल्कि समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन जारी रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
कार्यक्रम के अंत में काशी हार्ट केयर की ओर से नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की गई।