रिपोर्ट : गुफरान अहमद मिर्जापुर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना का शुभारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की माताओं और बहनों को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने वाली इस योजना की शुरुआत की। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को तीन दिनों तक सहयात्री सहित मुफ्त बस यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। वहीं, मिर्जापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 500 महिलाओं को साड़ी और मिठाई भेंट की गई।
मिर्जापुर के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बरकछा के ऑडिटोरियम में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।
जिले में कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, सहकारिता चेयरमैन जगदीश सिंह पटेल और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस मौके पर जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने 500 महिलाओं को साड़ी और मिठाई का डिब्बा भेंट किया।रक्षाबंधन के उपहार के रूप में 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक माताओं, बहनों और बेटियों को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बहनों और बेटियों को निःशुल्क स्कूटी भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी मजबूती से कार्रवाई करेगी।
कार्यक्रम में विधायक शुचिस्मिता मौर्या और विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने भी संबोधित किया।
रक्षाबंधन से पहले सरकार ने माताओं और बहनों को बड़ा तोहफा दिया है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की माताओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी, जबकि रक्षाबंधन पर तीन दिनों तक महिलाओं को सहयात्री सहित मुफ्त बस यात्रा का लाभ मिलेगा। मिर्जापुर में 500 महिलाओं को साड़ी और मिठाई देकर इस योजना का स्वागत किया गया।