वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय वाराणसी की तरफ से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अन्तर्गत हरिश्चन्द्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय वाराणसी के प्रांगण में बुधवार को बृहद् रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा किसान मोर्चा वाराणसी के जिला मंत्री शेषधर चौबे द्वारा किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि शेषधर चौबे ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान कराने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने जाब प्राप्त करने अभ्यर्थियों को सुझाव दिया कि आपका चयन चाहे जिस भी कम्पनी मे हो रहा हो, उसे आप तत्काल स्वीकार करें। मेला प्रभारी दीप सिंह ने सेवा आयोजन विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला और प्रतिभागी सभी कंपनियों के रिक्तियों के बारे में जानकारी प्रदान की।कालेज के उप प्राचार्य डा. विश्वनाथ वर्मा द्वारा सेवा आयोजन विभाग का आभार प्रकट करते हुए भविष्य में भी सेवायोजन विभाग द्वारा इसी तरह का बृहद् रोजगार मेला हमारे कालेज परिसर में लगाये जाने का अनुरोध किया। इस रोजगार मेले में कुल 22 कंपनियों द्वारा अपना अपना स्टाल लगाया गया था। जनपद व उसके आसपास के जिलों से कुल 396 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने अपना अपना आवेदन किया था। जिसमें 202 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के उपरान्त जॉब ऑफर दिया गया। इस अवसर पर कॉलेज की तरफ से डा. अनिल कुमार, प्रो. अशोक कुमार सिंह तथा अन्य प्रोफेसर गण उपस्थित रहे।