रिपोर्ट : गुफरान अहमद मिर्जापुर में शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत का पुलिस ने खुलासा किया। विवाद के दौरान युवक पर एल्यूमिनियम की डेकची से हमला किया गया, जिसके बाद इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मामले में देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर किया है। आरोपी की निशानदेही पर रक्तरंजित पैंट बरामद किया गया है। देहात कोतवाली क्षेत्र के बरबसपुर मिश्र लहिली गांव में शराब पीने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। भरूहना निवासी रमेश चंद्र विश्वकर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पुत्र अनिल विश्वकर्मा के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय अनिल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। मुखबिर की सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस ने घटना से संबंधित आरोपी आनंद कुमार विश्वकर्मा उर्फ रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मिर्जापुर के बड़ा सखौरा फतहा का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है
आरोपी ने बताया कि मृतक के साथ शराब पीने की बात को लेकर विवाद हुआ था। गाली-गलौज के बाद आरोपी ने कथित तौर पर आवेश में आकर पास में रखी एल्यूमिनियम की डेकची से अनिल पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रक्तरंजित पैंट बरामद की है। घटनास्थल से ब्ल्यू लाइम देशी शराब का पाउच और गिलास भी बरामद किया गया है। दर्ज मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।